पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख माननीय कमलनाथ जी ने आज उज्जैन के महिदपुर में आयोजित हुई विशाल जनसभा में शिरकत की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश काँग्रेस से बड़ी संख्या में पदाधिकारीगणों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। मंदसौर से किसान नेता और पूर्व विधायक प्रत्याशी (मल्हारगढ़ विधानसभा) श्यामलाल जोकचंद सहित अनेकों पदाधिकारियों का हुजूम अपने प्रिय नेता को सुनने के लिए जनसभा में मौजूद रहा। जनसभा में कमलनाथ जी ने कहा कि, भाजपा के पास पुलिस, पैसा और प्रशासन सिर्फ 4 महीने के लिए बचा है। मध्यप्रदेश की जनता शिवराज सिंह चौहान को विदा करने के लिए तैयार है। हम भी उन्हें बड़े प्यार से विदा करेंगे। यहां अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कमलनाथ ने कहा कि, उनकी चक्की चलती है और बहुत बारीक पीसती है। कर्मचारी– अधिकारी का सर्टिफिकेट जनता देती है।
कमलनाथ जी ने सोमवार को सबसे पहले पदाधिकारियों की बैठक की। उसके बाद आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, "महिदपुर वह क्षेत्र है, जहां मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार होता है। भ्रष्टाचार ऊपर से शुरू होकर नीचे तक पहुंचता है। इस सरकार से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। मजदूर परेशान है। युवा बेरोजगारी से परेशान है। किसान खाद-बीज न मिलने से परेशान है। व्यापारी वर्ग भी नई-नई नीतियों के कारण परेशान हो रहे हैं। हमारी चिंता यही है कि, मध्यप्रदेश को आखिर कैसे सुरक्षित रखा जा सके? धर्म के नाम पर जो राजनीति करते हैं, उन्होंने धर्म को भी भ्रष्टाचार का माध्यम बना लिया है।"
महिदपुर में आम सभा में प्रदेश सरकार को चौपट बताते हुए कमलनाथ ने कहा कि, "यह मध्यप्रदेश नहीं, चौपट प्रदेश है। यहां की सरकार चौपट है। यहां की शिक्षा व्यवस्था चौपट है। यहा रोजगार चौपट है। यहां की कानून और स्वास्थ्य व्यवस्था भी चौपट है। मध्यप्रदेश में 18 वर्षों से शिवराज सिंह चौहान की सरकार है, जिसके पास बताने के लिए कोई विकास कार्य नहीं है। इनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार जरूर बढ़ा है। बस कुछ महीने शेष हैं और फिर मध्यप्रदेश मे कांग्रेस की सरकार आ रही है।"